एनसीआईबी की पहल पर राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग का बड़ा एक्शन, वाराणसी एडीएम–होटल मालिक प्रकरण की पुनः जांच के आदेश

वाराणसी, 27 मार्च 2026।

देशभर में चर्चित वाराणसी एडीएम–होटल मालिक प्रकरण में राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (एनएचआरसी), नई दिल्ली ने महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए मामले की पुनः जांच के आदेश जारी किए हैं। यह कार्रवाई राष्ट्रीय अपराध जांच ब्यूरो (एनसीआईबी) के राज्य जनसंपर्क अधिकारी श्री सम्पत सिंह राजपुरोहित द्वारा उठाए गए मुद्दे और प्रस्तुत साक्ष्यों के आधार पर की गई है।

आयोग ने मामले की गंभीरता को देखते हुए इसे महानिदेशक (जांच) को सौंप दिया है तथा चार सप्ताह के भीतर विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं।

गौरतलब है कि 27 जुलाई 2024 को वाराणसी में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के दौरान हुए विवाद का वीडियो सामने आने के बाद यह मामला राष्ट्रीय स्तर पर सुर्खियों में आया था। वीडियो में कथित रूप से मौके पर मौजूद एडीएम द्वारा होटल मालिक के साथ अनुचित व्यवहार किए जाने के आरोप लगे, जिससे मानवाधिकार उल्लंघन की आशंका जताई गई।

हालांकि प्रारंभिक जांच में उत्तर प्रदेश प्रशासन ने इसे एक आकस्मिक घटना बताया था, लेकिन इसके बावजूद सम्पत सिंह राजपुरोहित ने उपलब्ध वीडियो साक्ष्यों, प्रत्यक्ष तथ्यों और जनहित को आधार बनाकर निष्पक्ष जांच की मांग को प्रमुखता से उठाया। उन्होंने आयोग के समक्ष इस मामले को सशक्त रूप से प्रस्तुत किया।

आयोग ने प्रस्तुत आपत्तियों और साक्ष्यों को गंभीरता से लेते हुए पुनः जांच का निर्णय लिया। यह निर्णय इस बात का संकेत है कि जनहित में तथ्यों पर आधारित आवाज को राष्ट्रीय स्तर पर महत्व दिया जा रहा है।