इंदौर | 18 अगस्त 2026 |
राजोरिया इंटरनेशनल स्कूल, इंदौर में साइबर सिक्योरिटी एवं ड्रग्स अवेयरनेस सेशन का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को बढ़ते साइबर अपराधों से बचाव, डिजिटल सुरक्षा तथा नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना रहा।
कार्यक्रम में स्टेट साइबर सेल की सब इंस्पेक्टर सुश्री भारती विश्वकर्मा एवं श्री कमल माहेश्वरी के साथ NCIB मध्यप्रदेश से श्री भव्य राय (क्राइम इन्फॉर्मेशन ऑफिसर), श्रीमती नमिता जगताप (NCIB & CRPC साइबर एक्सपर्ट) एवं श्री गौरव शाह (डिस्ट्रिक्ट ऑफिसर) उपस्थित रहे।
सेशन में लगभग 250 विद्यार्थियों सहित कुल 300 प्रतिभागियों ने सहभागिता की। विशेषज्ञों द्वारा साइबर फ्रॉड, ऑनलाइन सुरक्षा, डिजिटल सावधानियों एवं नशे से होने वाले सामाजिक व स्वास्थ्य संबंधी दुष्प्रभावों के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी दी गई। विद्यार्थियों को जागरूकता एवं सहभागिता के लिए चॉकलेट भी वितरित की गईं।
कार्यक्रम के समापन अवसर पर स्कूल डायरेक्टर श्री अमित राजोरिया जी द्वारा उपस्थित अधिकारियों को प्रशंसा पत्र एवं साइबर अवेयरनेस बुक भेंट कर सम्मानित किया गया तथा उनके सामाजिक जागरूकता प्रयासों की सराहना की गई।



