NCIB मध्यप्रदेश ने रामपुर बघेलान (सतना) में चलाया नशामुक्ति जनजागरूकता अभियान, अवैध नशीली दवाओं एवं मादक पदार्थों के खिलाफ नागरिकों को किया जागरूक

रामपुर बघेलान, जिला सतना | 29 जुलाई 2026 |

माननीय पुलिस महानिदेशक, मध्यप्रदेश के दिशा-निर्देशन में संचालित प्रदेशव्यापी “नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0” जनजागरूकता अभियान के अंतर्गत राज्य निदेशक, NCIB मध्यप्रदेश श्री राजेश सुराणा के मार्गदर्शन में श्री अशोक त्रिपाठी, क्राइम इन्फॉर्मेशन ऑफिसर, NCIB सतना द्वारा नगर परिषद रामपुर बघेलान क्षेत्र में नशामुक्ति जनजागरूकता अभियान चलाया गया।

अभियान के दौरान वरिष्ठ नागरिकों, ग्रामीणों एवं युवाओं से संवाद कर उन्हें नशे के शारीरिक, मानसिक, सामाजिक एवं आर्थिक दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया गया। साथ ही एनडीपीएस अधिनियम (NDPS Act) के अंतर्गत प्रतिबंधित मादक पदार्थों तथा अवैध रूप से बेची जाने वाली नशीली दवाओं के सेवन एवं विक्रय से होने वाले गंभीर परिणामों की जानकारी देते हुए ऐसी गतिविधियों पर रोक लगाने में प्रशासन का सहयोग करने की अपील की गई।

श्री अशोक त्रिपाठी ने नागरिकों से आह्वान किया कि वे स्वयं नशे से दूर रहें, विशेष रूप से युवाओं को नशे की चपेट में आने से बचाने के लिए जागरूक एवं सतर्क रहें तथा क्षेत्र में किसी भी प्रकार की अवैध नशीली गतिविधि की जानकारी मिलने पर तत्काल स्थानीय पुलिस एवं संबंधित प्रशासन को सूचित करें।

इस अवसर पर “नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0” अभियान से संबंधित जनजागरूकता पम्पलेट वितरित किए गए तथा उपस्थित नागरिकों को नशामुक्त, सुरक्षित एवं जागरूक समाज के निर्माण में सक्रिय भागीदारी का संकल्प दिलाया गया।

NCIB मध्यप्रदेश द्वारा मध्यप्रदेश पुलिस एवं स्थानीय प्रशासन के साथ समन्वय स्थापित कर प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में नशामुक्ति, साइबर सुरक्षा, अपराध रोकथाम एवं सामाजिक जागरूकता से संबंधित गतिविधियों में निरंतर सहभागिता की जा रही है। संगठन का उद्देश्य जनहित से जुड़े महत्वपूर्ण संदेशों को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुँचाकर एक सुरक्षित, जागरूक एवं नशामुक्त समाज के निर्माण में सहयोग प्रदान करना है।