“नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0” अभियान का भव्य समापन, उत्कृष्ट योगदान के लिए NCIB मध्यप्रदेश के श्री भव्य राय सम्मानित

इंदौर | 30 जुलाई 2026 |

माननीय पुलिस महानिदेशक, मध्यप्रदेश के दिशा-निर्देशन में इंदौर पुलिस कमिश्नरेट द्वारा संचालित विशेष जनजागरूकता अभियान “नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0” का भव्य समापन समारोह इंदौर स्थित ब्रिलिएंट कन्वेंशन सेंटर के ऑडिटोरियम में गरिमामय वातावरण में आयोजित किया गया।

लगभग 15 दिनों तक चले इस व्यापक अभियान के माध्यम से नशे के दुष्प्रभावों के प्रति समाज के विभिन्न वर्गों को जागरूक करते हुए नशामुक्त समाज के निर्माण का संदेश जन-जन तक पहुँचाया गया। समापन समारोह में अभियान को सफल बनाने में उल्लेखनीय भूमिका निभाने वाले पुलिस अधिकारियों, सामाजिक संस्थाओं, विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं, सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स एवं कंटेंट क्रिएटर्स को सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर NCIB मध्यप्रदेश के श्री भव्य राय, क्राइम इन्फॉर्मेशन ऑफिसर, इंदौर को अभियान के दौरान होस्टिंग, कंटेंट क्रिएशन, ट्रैफिक कोऑर्डिनेशन एवं कार्यक्रम प्रबंधन में उत्कृष्ट योगदान के लिए पुलिस कमिश्नर इंदौर श्री संतोष कुमार सिंह (IPS) द्वारा प्रशंसा-पत्र एवं मोमेंटो प्रदान कर सम्मानित किया गया।

श्री भव्य राय ने अभियान के अंतर्गत आयोजित विभिन्न जनजागरूकता कार्यक्रमों, रैलियों एवं अन्य गतिविधियों में सक्रिय सहभागिता करते हुए कार्यक्रम संचालन, यातायात व्यवस्था के समन्वय, आयोजन प्रबंधन तथा नशामुक्ति के संदेश को प्रभावी रूप से आमजन तक पहुँचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

समारोह में उपस्थित डीसीपी क्राइम ब्रांच श्री राकेश त्रिपाठी ने भी श्री भव्य राय एवं NCIB मध्यप्रदेश द्वारा अभियान के दौरान किए गए सक्रिय, अनुशासित एवं सराहनीय सहयोग की प्रशंसा की।

यह सम्मान NCIB मध्यप्रदेश द्वारा मध्यप्रदेश पुलिस के साथ समन्वय स्थापित कर नशामुक्ति एवं सामाजिक जागरूकता के क्षेत्र में किए जा रहे निरंतर प्रयासों की एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है और संगठन के अधिकारियों द्वारा जनहित में किए जा रहे कार्यों को प्रोत्साहित करता है।

NCIB मध्यप्रदेश भविष्य में भी मध्यप्रदेश पुलिस के साथ समन्वय एवं सहयोग स्थापित कर नशामुक्ति, साइबर सुरक्षा, सड़क सुरक्षा एवं अन्य जनहितकारी अभियानों में सक्रिय सहभागिता निभाते हुए एक सुरक्षित, जागरूक एवं नशामुक्त समाज के निर्माण की दिशा में निरंतर कार्य करता रहेगा।