इंदौर | 29 जुलाई 2026 |
मध्यप्रदेश पुलिस द्वारा संचालित प्रदेशव्यापी “नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0” जनजागरूकता अभियान के अंतर्गत सेंट विंसेंट पालोटी स्कूल, इंदौर में एक वृहद जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में कक्षा 6वीं से 12वीं तक के लगभग 1,200 छात्र-छात्राओं को नशामुक्ति, साइबर सुरक्षा, यातायात एवं सड़क सुरक्षा तथा मानवाधिकारों से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर विशेषज्ञों द्वारा जागरूक किया गया।
पुलिस कमिश्नरेट इंदौर के अधिकारियों की उपस्थिति में NCIB इंदौर की ओर से श्री भव्य राय (क्राइम इन्फॉर्मेशन ऑफिसर), श्रीमती नमिता जगताप (साइबर एक्सपर्ट, NCIB एवं CRPC) तथा श्री गौरव शाह (डिस्ट्रिक्ट ऑफिसर, NCIB इंदौर) ने विभिन्न सत्रों के माध्यम से विद्यार्थियों को संबोधित किया। वक्ताओं ने नशीले पदार्थों के दुष्परिणाम, साइबर अपराध एवं ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचाव, सुरक्षित यातायात नियमों के पालन तथा मानवाधिकारों के प्रति जागरूकता के संबंध में उपयोगी जानकारी साझा की।
कार्यक्रम में महिला प्रकोष्ठ से श्री शिवम दुबे, साइबर थाना से श्री कमल जी एवं श्री भारती विश्वकर्मा जी तथा इंदौर ट्रैफिक पुलिस की ओर से सुश्री सोनाली सोनी ने भी विद्यार्थियों का मार्गदर्शन करते हुए उन्हें सतर्क, जिम्मेदार एवं कानून के प्रति जागरूक नागरिक बनने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के समापन पर पुलिस प्रशासन द्वारा उपस्थित सभी विद्यार्थियों को नशामुक्ति की शपथ दिलाई गई और स्वयं नशे से दूर रहने के साथ-साथ समाज को भी नशामुक्त बनाने में योगदान देने का संकल्प कराया गया। इस अवसर पर स्थानीय मीडिया प्रतिनिधियों की भी उपस्थिति रही।
कार्यक्रम के अंत में स्कूल प्रशासन द्वारा अतिथियों एवं NCIB अधिकारियों को पुष्पगुच्छ एवं प्रशंसा-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
NCIB मध्यप्रदेश के राज्य निदेशक श्री राजेश सुराणा के मार्गदर्शन में NCIB की विभिन्न इकाइयाँ मध्यप्रदेश पुलिस के साथ समन्वय स्थापित कर “नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0” अभियान में सक्रिय सहभागिता निभा रही हैं। अभियान के माध्यम से प्रदेशभर में युवाओं एवं विद्यार्थियों तक नशामुक्ति, साइबर सुरक्षा, सड़क सुरक्षा एवं सामाजिक जागरूकता का संदेश निरंतर पहुँचाया जा रहा है।



