छिंदवाड़ा | 19 जुलाई 2026 |
माननीय पुलिस महानिदेशक, मध्यप्रदेश के मार्गदर्शन में संचालित प्रदेशव्यापी “नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0” विशेष जनजागरूकता अभियान के अंतर्गत पुलिस प्रशासन, छिंदवाड़ा द्वारा पुलिस ग्राउंड से एक विशाल नशामुक्ति जनजागरूकता रैली का आयोजन किया गया। अभियान का उद्देश्य युवाओं एवं आमजन को नशीले पदार्थों के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करते हुए नशामुक्त, स्वस्थ एवं सुरक्षित समाज के निर्माण के लिए प्रेरित करना था।
रैली का शुभारंभ आईजी, छिंदवाड़ा रेंज श्री प्रमोद वर्मा (IPS) द्वारा हरी झंडी दिखाकर किया गया। इस अवसर पर विशेष आमंत्रण पर नेशनल क्राइम इन्वेस्टिगेशन ब्यूरो (NCIB), छिंदवाड़ा की ओर से श्रीमती अंजू साहू (क्राइम इन्फॉर्मेशन ऑफिसर), श्री मोनू मालवीय (डिस्ट्रिक्ट ऑफिसर) सहित अन्य अधिकारियों एवं सदस्यों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए मध्यप्रदेश पुलिस के साथ कंधे से कंधा मिलाकर नशामुक्ति का संदेश जन-जन तक पहुँचाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
रैली के दौरान नागरिकों को नशीले पदार्थों के दुष्परिणामों से अवगत कराया गया तथा उन्हें नशे से दूर रहने, स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और नशामुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय सहभागिता निभाने के लिए प्रेरित किया गया। उपस्थित अधिकारियों एवं प्रतिभागियों ने विशेष रूप से युवाओं से आह्वान किया कि वे नशे जैसी सामाजिक बुराई से स्वयं को दूर रखते हुए राष्ट्र निर्माण में अपनी सकारात्मक एवं जिम्मेदार भूमिका निभाएँ।
इस अवसर पर डीआईजी रेंज छिंदवाड़ा श्री राकेश कुमार सिंह (IPS), पुलिस अधीक्षक छिंदवाड़ा श्री अजय पांडेय (IPS) सहित पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारी, पुलिस बल, विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।




