इंदौर | 19 जुलाई 2026 |
माननीय पुलिस महानिदेशक, मध्यप्रदेश के मार्गदर्शन में संचालित प्रदेशव्यापी “नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0” विशेष जनजागरूकता अभियान के अंतर्गत नारकोटिक्स विंग, इंदौर एवं पुलिस कमिश्नरेट, इंदौर द्वारा एक भव्य साइक्लोथॉन एवं बाइक रैली का आयोजन किया गया। अभियान का उद्देश्य युवाओं एवं आमजन को नशीले पदार्थों के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करते हुए नशामुक्त, स्वस्थ एवं सुरक्षित समाज के निर्माण के लिए प्रेरित करना था।
इस अवसर पर नेशनल क्राइम इन्वेस्टिगेशन ब्यूरो (NCIB), मध्यप्रदेश की ओर से श्री भव्य राय (क्राइम इन्फॉर्मेशन ऑफिसर, इंदौर) ने सक्रिय एवं सराहनीय सहभागिता निभाई। उन्होंने साइक्लोथॉन रैली का पायलट करते हुए संपूर्ण मार्ग पर ट्रैफिक प्रबंधन एवं यातायात व्यवस्था का कुशलतापूर्वक संचालन किया, जिससे आयोजन सुरक्षित, सुव्यवस्थित एवं सफलतापूर्वक संपन्न हो सका।
इसके पश्चात पुलिस कमिश्नरेट, इंदौर द्वारा आयोजित बाइक रैली, जिसका निर्धारित मार्ग वर्ल्ड कप चौराहा से पलासिया तक रहा, में भी श्री भव्य राय ने ट्रैफिक प्रबंधन की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी का सफलतापूर्वक निर्वहन किया। उनकी तत्परता, अनुशासन एवं समर्पण के कारण रैली बिना किसी व्यवधान के सुरक्षित एवं प्रभावी ढंग से संपन्न हुई। इस जनजागरूकता अभियान में टाटा मोटर्स द्वारा भी सहभागिता कर नशामुक्ति के संदेश को व्यापक जनसमर्थन प्रदान किया गया।
रैली के समापन अवसर पर नारकोटिक्स विंग, इंदौर के इंस्पेक्टर श्री अजय जी तथा पुलिस कमिश्नरेट, इंदौर के कोऑर्डिनेटर इंस्पेक्टर श्री शिवम जी ने श्री भव्य राय के उत्कृष्ट ट्रैफिक प्रबंधन, अनुशासित संचालन एवं उल्लेखनीय योगदान की सराहना करते हुए उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएँ प्रदान कीं।


