शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय सिवनी में NCIB मध्यप्रदेश ने युवाओं को दिलाया ‘नशामुक्त भारत’ निर्माण का संकल्प

सिवनी | 27 जुलाई 2026 |

माननीय पुलिस महानिदेशक, मध्यप्रदेश के दिशा-निर्देशन में संचालित प्रदेशव्यापी “नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0” जन-जागरूकता अभियान के अंतर्गत शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, सिवनी में राष्ट्रीय अपराध जाँच ब्यूरो (NCIB), मध्यप्रदेश द्वारा नशामुक्ति जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।

NCIB मध्यप्रदेश के राज्य निदेशक श्री राजेश सुराणा के मार्गदर्शन में आयोजित कार्यक्रम में श्री इमरान खान (डिस्ट्रिक्ट ऑफिसर, NCIB सिवनी) ने प्रोफेसर श्री मानसिंह बघेल के सहयोग से छात्र-छात्राओं को नशीले पदार्थों के सेवन से होने वाले शारीरिक, मानसिक, पारिवारिक एवं सामाजिक दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया। साथ ही युवाओं को “नशामुक्त भारत” के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया गया।

विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए श्री इमरान खान ने कहा कि युवावस्था जीवन का वह महत्वपूर्ण चरण है, जब सही मार्गदर्शन, सकारात्मक सोच और जागरूकता व्यक्ति के भविष्य की दिशा तय करती है। नशे से बचाव के लिए युवाओं का जागरूक होना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने छात्र-छात्राओं से स्वयं नशे से दूर रहने के साथ-साथ अपने परिवार, मित्रों एवं समाज के अन्य लोगों को भी नशामुक्ति के प्रति जागरूक करने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के दौरान “नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0” अभियान से संबंधित जागरूकता पंपलेट वितरित किए गए तथा विद्यार्थियों को नशे से दूर रहने और स्वस्थ, सुरक्षित एवं नशामुक्त समाज के निर्माण में योगदान देने का संकल्प दिलाया गया।

NCIB मध्यप्रदेश प्रदेशभर में मध्यप्रदेश पुलिस के साथ समन्वय स्थापित कर नशामुक्ति, साइबर सुरक्षा एवं सामाजिक जन-जागरूकता से जुड़े अभियानों में निरंतर सक्रिय सहभागिता निभा रहा है। संगठन का उद्देश्य विशेष रूप से युवाओं को सामाजिक बुराइयों के प्रति जागरूक करते हुए सकारात्मक दिशा प्रदान करना तथा स्वस्थ, सुरक्षित, जागरूक एवं नशामुक्त भारत के निर्माण में योगदान देना है।