जयपुर/उदयपुर, 10 जुलाई 2026 |
राष्ट्रीय अपराध जांच ब्यूरो (NCIB) राजस्थान इकाई के प्रदेश निदेशक श्री राजकुमार गर्ग द्वारा उठाए गए झाड़ोल उप-कारागृह में बंदियों के साथ कथित मारपीट, दुर्व्यवहार एवं अन्य अनियमितताओं के मामले में राजस्थान राज्य मानवाधिकार आयोग ने गंभीर रुख अपनाते हुए दोषी अधिकारियों एवं कर्मचारियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
आयोग के समक्ष प्रस्तुत जांच रिपोर्ट में एक प्रहरी द्वारा बंदी के साथ मारपीट की पुष्टि हुई है, जबकि एक उप-कारापाल पर पर्यवेक्षणीय लापरवाही तथा एक अन्य प्रहरी की भूमिका भी संदिग्ध पाई गई। इसके अतिरिक्त कारागृह में पेयजल, पंखों, शौचालय एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं में भी गंभीर कमियां पाई गईं।
आयोग ने संबंधित उप-कारापाल एवं एक प्रहरी के निलंबन का संज्ञान लेते हुए अन्य संबंधित कर्मचारी के विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई की प्रगति रिपोर्ट 02 सितम्बर 2026 से पूर्व प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही NCIB राजस्थान के प्रदेश निदेशक एवं परिवादी श्री राजकुमार गर्ग को जांच रिपोर्ट की प्रति उपलब्ध कराते हुए आगामी सुनवाई में उनका पक्ष भी प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।


