छिंदवाड़ा | 30 जुलाई 2026 |
माननीय पुलिस महानिदेशक, मध्यप्रदेश के दिशा-निर्देशन में संचालित प्रदेशव्यापी विशेष जनजागरूकता अभियान “नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0” के अंतर्गत राज्य निदेशक, NCIB मध्यप्रदेश श्री राजेश सुराणा के मार्गदर्शन में छिंदवाड़ा में नशामुक्ति एवं जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
इस अवसर पर श्रीमती अंजू साहू (क्राइम इन्फॉर्मेशन ऑफिसर, NCIB छिंदवाड़ा), श्री संदीप सोनी (डिस्ट्रिक्ट ऑफिसर, NCIB) एवं श्री मोनू मालवी (डिस्ट्रिक्ट ऑफिसर, NCIB) ने तिलक मार्केट स्थित मथुरा तिलक शाला पहुँचकर छात्र-छात्राओं को नशे के शारीरिक, मानसिक, सामाजिक एवं पारिवारिक दुष्परिणामों के प्रति जागरूक किया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को बताया गया कि नशा न केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य और भविष्य को प्रभावित करता है, बल्कि उसके परिवार एवं समाज पर भी गंभीर प्रभाव डालता है। छात्र-छात्राओं को नशे से दूर रहने, स्वस्थ एवं अनुशासित जीवनशैली अपनाने तथा अपने परिवार, मित्रों एवं आसपास के लोगों को भी नशामुक्ति के प्रति जागरूक करने के लिए प्रेरित किया गया। साथ ही युवाओं से समाज में सकारात्मक परिवर्तन के संवाहक बनकर नशामुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया गया।
इसके पश्चात NCIB पदाधिकारियों ने कुंडीपुरा थाना, छिंदवाड़ा पहुँचकर पुलिस अधिकारियों से सौजन्य भेंट की तथा NCIB मध्यप्रदेश द्वारा संचालित विभिन्न जनहित एवं जनजागरूकता गतिविधियों के संबंध में जानकारी साझा की। इस दौरान नशामुक्ति, साइबर सुरक्षा एवं अन्य सामाजिक जागरूकता अभियानों में पुलिस प्रशासन के साथ समन्वय स्थापित कर सक्रिय सहयोग प्रदान करने की प्रतिबद्धता व्यक्त की गई।
NCIB मध्यप्रदेश द्वारा मध्यप्रदेश पुलिस के साथ समन्वय स्थापित कर प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में युवाओं एवं आमजन को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। संगठन का उद्देश्य जनजागरूकता एवं सामाजिक सहभागिता के माध्यम से एक स्वस्थ, सुरक्षित, जागरूक एवं नशामुक्त समाज के निर्माण में प्रभावी योगदान देना है।



