शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय सिवनी में NCIB मध्यप्रदेश ने युवाओं को दिलाया “नशामुक्त भारत” के निर्माण का संकल्प

सिवनी | 27 जुलाई 2026 |

माननीय पुलिस महानिदेशक, मध्यप्रदेश के दिशा-निर्देशन में संचालित प्रदेशव्यापी “नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0” जन-जागरूकता अभियान के अंतर्गत शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, सिवनी में राष्ट्रीय अपराध जाँच ब्यूरो (NCIB), मध्यप्रदेश द्वारा नशामुक्ति जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।

NCIB मध्यप्रदेश के राज्य निदेशक श्री राजेश सुराणा के मार्गदर्शन में आयोजित कार्यक्रम में श्री इमरान खान (डिस्ट्रिक्ट ऑफिसर, NCIB सिवनी) ने प्रोफेसर श्री मानसिंह बघेल के सहयोग से छात्र-छात्राओं को नशीले पदार्थों के सेवन से होने वाले शारीरिक, मानसिक, पारिवारिक एवं सामाजिक दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया तथा उन्हें “नशामुक्त भारत” के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने के लिए प्रेरित किया।

विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए श्री इमरान खान ने कहा कि युवावस्था जीवन का अत्यंत महत्वपूर्ण एवं संवेदनशील चरण है। इस आयु में सही मार्गदर्शन, सकारात्मक सोच और जागरूकता युवाओं को नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से बचाकर बेहतर भविष्य की ओर ले जा सकती है। उन्होंने विद्यार्थियों से स्वयं नशे से दूर रहने के साथ अपने परिवार, मित्रों एवं आसपास के लोगों को भी नशामुक्ति के प्रति जागरूक करने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के दौरान “नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0” अभियान से संबंधित जागरूकता पंपलेट छात्र-छात्राओं को वितरित किए गए तथा उन्हें नशामुक्त, स्वस्थ एवं सुरक्षित समाज के निर्माण में अपनी जिम्मेदारी निभाने का संकल्प दिलाया गया।

NCIB मध्यप्रदेश, मध्यप्रदेश पुलिस के साथ समन्वय स्थापित कर प्रदेशभर में नशामुक्ति, साइबर सुरक्षा एवं विभिन्न सामाजिक जन-जागरूकता अभियानों में निरंतर सहभागिता कर रहा है। संगठन का प्रयास है कि विशेष रूप से युवाओं को जागरूक एवं सकारात्मक दिशा प्रदान करते हुए उन्हें सामाजिक बुराइयों से दूर रखा जाए तथा स्वस्थ, सुरक्षित, जागरूक एवं नशामुक्त भारत के निर्माण में प्रभावी योगदान दिया जा सके।