आर्ट ऑफ लिविंग सत्र में NCIB मध्यप्रदेश ने दिया नशामुक्ति का संदेश, प्रतिभागियों को दिलाई नशे से दूर रहने की शपथ

सतना | 26 जुलाई 2026 |

माननीय पुलिस महानिदेशक, मध्यप्रदेश के दिशा-निर्देशन में संचालित प्रदेशव्यापी “नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0” जन-जागरूकता अभियान के अंतर्गत सतना शहर में आयोजित आर्ट ऑफ लिविंग सत्र के दौरान राष्ट्रीय अपराध जाँच ब्यूरो (NCIB), मध्यप्रदेश द्वारा नशामुक्ति जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।

NCIB मध्यप्रदेश के राज्य निदेशक श्री राजेश सुराणा के मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम में श्री आनंद अग्रवाल (ज्वाइंट स्टेट डायरेक्टर, NCIB मध्यप्रदेश) ने प्रतिभागियों को नशीले पदार्थों के सेवन से होने वाले शारीरिक, मानसिक, सामाजिक एवं पारिवारिक दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया। उन्होंने कहा कि नशामुक्त समाज का निर्माण केवल व्यक्तिगत संकल्प से ही नहीं, बल्कि परिवार और समाज की सामूहिक सहभागिता से संभव है।

उन्होंने उपस्थित प्रतिभागियों से स्वयं नशे से दूर रहने के साथ-साथ अपने परिवार, मित्रों एवं समाज के अन्य लोगों को भी नशामुक्ति के प्रति जागरूक करने तथा स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवनशैली अपनाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के समापन पर सभी प्रतिभागियों को नशीले पदार्थों से दूर रहने तथा समाज में नशामुक्ति का संदेश प्रसारित करने की शपथ दिलाई गई।

NCIB मध्यप्रदेश, मध्यप्रदेश पुलिस के साथ समन्वय स्थापित कर “नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0” अभियान के माध्यम से प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में निरंतर जन-जागरूकता गतिविधियों में सहभागिता कर रहा है। संगठन का प्रयास है कि नशे के विरुद्ध जागरूकता का संदेश समाज के प्रत्येक वर्ग, विशेषकर युवाओं तक पहुँचे और एक स्वस्थ, सुरक्षित, जागरूक एवं नशामुक्त समाज के निर्माण में प्रभावी योगदान दिया जा सके।