इंदौर | 21 जुलाई 2026 |
माननीय पुलिस महानिदेशक, मध्यप्रदेश के दिशा-निर्देशन में संचालित प्रदेशव्यापी “नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0” अभियान के अंतर्गत इंदौर पुलिस कमिश्नरेट द्वारा आयोजित विभिन्न जनजागरूकता गतिविधियों में राष्ट्रीय अपराध जाँच ब्यूरो (NCIB), मध्यप्रदेश ने सक्रिय सहभागिता निभाई। संगठन की ओर से श्री भव्य राय, क्राइम इन्फॉर्मेशन ऑफिसर, NCIB इंदौर ने मानव श्रृंखला से लेकर विभिन्न जागरूकता प्रतियोगिताओं तक महत्वपूर्ण योगदान दिया।
20 जुलाई 2026 को इंदौर पुलिस कमिश्नरेट द्वारा नशामुक्ति का संदेश जन-जन तक पहुँचाने के उद्देश्य से आयोजित विशाल मानव श्रृंखला में NCIB मध्यप्रदेश की ओर से श्री भव्य राय ने सहभागिता की। आयोजन में 8,735 नागरिकों की भागीदारी के साथ नया वर्ल्ड बुक ऑफ रिकॉर्ड्स स्थापित किया गया।
अभियान में उत्कृष्ट सहयोग एवं सक्रिय योगदान के लिए डीसीपी ज़ोन-2 एवं एडीसीपी क्राइम ब्रांच श्री राजेश दंडोतिया द्वारा श्री भव्य राय को प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के दौरान पुलिस आयुक्त श्री संतोष कुमार सिंह को भी ऐतिहासिक उपलब्धि एवं सफल आयोजन के लिए सम्मानित किया गया। वहीं प्रसिद्ध मॉडल एवं सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर श्री कुणाल पंचोली ने श्री भव्य राय को शुभकामनाएँ देते हुए उनके योगदान की सराहना की।
अभियान की इसी कड़ी में 21 जुलाई 2026 को इंदौर पुलिस द्वारा विभिन्न संस्थाओं, स्कूलों एवं कॉलेजों के सहयोग से चित्रकला, रंगोली, ओपन माइक एवं पेंटिंग सहित विभिन्न जनजागरूकता प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया।
इन आयोजनों के सफल संचालन में भी श्री भव्य राय ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्हें उत्कृष्ट कन्वीनर, श्रेष्ठ प्रबंधन एवं ओपन माइक प्रतियोगिता में निर्णायक के रूप में सराहनीय योगदान के लिए प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया गया। साथ ही उन्हें प्रसिद्ध चॉक आर्टिस्ट श्री राहुल सहित विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन करने का अवसर भी प्राप्त हुआ।
कार्यक्रम में डीआईजी श्री मयंक अवस्थी, क्राइम ब्रांच एसपी श्री राकेश त्रिपाठी, डीसीपी ज़ोन-3, एसीपी ज़ोन-3 एवं टीआई ज़ोन-3 सहित अन्य वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने प्रतिभागी विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए नशामुक्त समाज के निर्माण में युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका पर बल दिया।
NCIB मध्यप्रदेश द्वारा मध्यप्रदेश पुलिस के साथ समन्वय स्थापित कर “नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0” अभियान के माध्यम से नशे के विरुद्ध जनजागरूकता का संदेश समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुँचाने के लिए निरंतर सक्रिय सहयोग प्रदान किया जा रहा है। संगठन का उद्देश्य विशेष रूप से युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करते हुए स्वस्थ, सुरक्षित, जिम्मेदार एवं नशामुक्त समाज के निर्माण में प्रभावी योगदान देना है।



