NCIB मध्यप्रदेश एवं सागर पुलिस ने एडीना फार्मेसी कॉलेज में चलाया “नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0” जनजागरूकता अभियान

सागर | 20 जुलाई 2026 |

माननीय पुलिस महानिदेशक, मध्यप्रदेश के दिशा-निर्देशन में संचालित प्रदेशव्यापी “नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0” विशेष जनजागरूकता अभियान के अंतर्गत एडीना फार्मेसी कॉलेज, सागर में सागर पुलिस एवं राष्ट्रीय अपराध जाँच ब्यूरो (NCIB), मध्यप्रदेश के संयुक्त सहयोग से नशामुक्ति जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

यह कार्यक्रम NCIB मध्यप्रदेश के राज्य निदेशक श्री राजेश सुराणा के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। संगठन की ओर से स्टेट जॉइंट डायरेक्टर श्री विनीत सोनी एवं डिस्ट्रिक्ट डायरेक्टर, NCIB सागर श्री राजेश सोनी ने सक्रिय सहभागिता निभाई।

कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक सागर श्री अनुराग सुजानिया, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री नरेंद्र सोलंकी एवं मोती नगर थाना प्रभारी श्री जसवंत सिंह राजपूत सहित सागर पुलिस के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

जागरूकता सत्र के दौरान छात्र-छात्राओं को नशीले पदार्थों के सेवन से होने वाले शारीरिक, मानसिक, सामाजिक एवं कानूनी दुष्परिणामों के प्रति जागरूक किया गया। युवाओं को स्वस्थ, सुरक्षित एवं जिम्मेदार जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करते हुए नशे से दूर रहने तथा समाज को नशामुक्त बनाने में सक्रिय भूमिका निभाने की शपथ भी दिलाई गई।

इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक सागर श्री अनुराग सुजानिया ने NCIB मध्यप्रदेश एवं टीम NCIB सागर द्वारा समाजहित एवं राष्ट्रहित में निरंतर किए जा रहे जनजागरूकता प्रयासों की सराहना की। उन्होंने विशेष रूप से नशामुक्ति, साइबर सुरक्षा एवं सामाजिक जागरूकता के क्षेत्र में संगठन द्वारा किए जा रहे कार्यों एवं पुलिस प्रशासन के साथ सहयोग की प्रशंसा की।

कार्यक्रम के समापन पर एडीना फार्मेसी कॉलेज प्रशासन द्वारा मंचासीन अतिथियों का पुष्पगुच्छ एवं स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मान एवं अभिनंदन किया गया।

NCIB मध्यप्रदेश, मध्यप्रदेश पुलिस के साथ समन्वय स्थापित कर “नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0” अभियान को अधिक से अधिक युवाओं एवं आमजन तक पहुँचाने के लिए निरंतर सक्रिय है। संगठन का संकल्प युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों से जागरूक कर स्वस्थ, सुरक्षित, जिम्मेदार एवं नशामुक्त समाज के निर्माण में प्रभावी योगदान देना है।