एनसीआईबी म.प्र. की पहल: भोपाल में विद्यार्थियों के लिए जागरूकता गोष्ठी आयोजित

भोपाल, 09 अप्रैल 2026

बाल भारती हायर सेकेंडरी स्कूल में विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के उद्देश्य से एक जागरूकता गोष्ठी का आयोजन किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में राजेश सोनी (अतिरिक्त राज्य निदेशक, एनसीआईबी म.प्र.) उपस्थित रहे।

अपने संबोधन में श्री राजेश सोनी ने विद्यार्थियों को साइबर सुरक्षा, यातायात नियमों के पालन, सामाजिक मूल्यों एवं बाल विकास जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर मार्गदर्शन प्रदान किया। उन्होंने व्यावहारिक उदाहरणों के माध्यम से छात्रों को जागरूक करते हुए जिम्मेदार नागरिक बनने की प्रेरणा दी।

उन्होंने “खेलेगा इंडिया तभी बढ़ेगा इंडिया” का संदेश देते हुए खेलों के महत्व पर विशेष जोर दिया और कहा कि अनुशासन एवं खेल गतिविधियाँ बच्चों के शारीरिक एवं मानसिक विकास में अहम भूमिका निभाती हैं।

कार्यक्रम के अंत में सफल आयोजन के लिए सह-प्राचार्य शाकीना नायडू का आभार व्यक्त किया गया। यह गोष्ठी विद्यार्थियों के लिए ज्ञानवर्धक एवं प्रेरणादायक सिद्ध हुई।