सैलाना, मध्य प्रदेश, 6 मई 2026
21 MP NCC बटालियन, रतलाम द्वारा आयोजित “संयुक्त वार्षिक प्रशिक्षण शिविर” के अंतर्गत सैलाना (रतलाम) में आयोजित विशेष सत्र में नेशनल क्राइम इन्वेस्टिगेशन ब्यूरो (NCIB) मध्य प्रदेश के स्टेट डायरेक्टर श्री राजेश सुराणा को “सायबर क्राइम एवं सायबर सिक्योरिटी” विषय पर व्याख्यान देने हेतु आमंत्रित किया गया।
उल्लेखनीय है कि 21 MP NCC बटालियन द्वारा 22 अप्रैल 2026 को पत्र प्रेषित कर NCC कैडेट्स को साइबर अपराधों एवं डिजिटल सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से विशेष व्याख्यान आयोजित करने का अनुरोध किया गया था। इसी क्रम में आयोजित इस प्रशिक्षण शिविर में रतलाम, मंदसौर, जावरा, नागदा, अलीराजपुर, थांदला, सैलाना, पेटलावद, कुक्षी एवं बड़नगर सहित विभिन्न क्षेत्रों से आए लगभग 600 वरिष्ठ एवं कनिष्ठ विंग NCC कैडेट्स सैन्य प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं।
कार्यक्रम के दौरान श्री राजेश सुराणा ने कैडेट्स, सैन्य अधिकारियों एवं NCC अधिकारियों को साइबर अपराधों के विभिन्न प्रकार, ऑनलाइन फ्रॉड से बचाव, सोशल मीडिया सुरक्षा, डिजिटल सतर्कता तथा साइबर अपराधियों द्वारा अपनाई जाने वाली आधुनिक तकनीकों के बारे में विस्तृत एवं व्यवहारिक जानकारी प्रदान की। उन्होंने सुरक्षित इंटरनेट उपयोग, डिजिटल डेटा संरक्षण तथा साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया को भी सरल तरीके से समझाया।
अपने संबोधन में श्री सुराणा ने युवाओं को ऑनलाइन गेमिंग की लत, डिजिटल व्यसन तथा नशामुक्ति के प्रति भी जागरूक किया। उन्होंने कहा कि वर्तमान डिजिटल युग में तकनीक का सुरक्षित और जिम्मेदार उपयोग अत्यंत आवश्यक है तथा युवा वर्ग को साइबर अपराधों के प्रति सजग रहना चाहिए।
व्याख्यान के दौरान NCC कैडेट्स ने अत्यंत उत्साह और रुचि के साथ सहभागिता करते हुए साइबर सुरक्षा से जुड़े विभिन्न प्रश्न पूछे, जिनका श्री सुराणा ने विस्तारपूर्वक समाधान किया। कार्यक्रम के अंत में केम्प कमांडेंट कर्नल श्री राघवेन्द्र सिंह एवं केम्प इंचार्ज सूबेदार मेजर कालीचरण द्वारा श्री सुराणा के प्रेरणादायी एवं जागरूकतापूर्ण व्याख्यान के लिए बटालियन की ओर से आभार एवं धन्यवाद ज्ञापित किया गया।




