एनसीआइबी ने एनसीसी शिविर में 500 वरिष्ठ एवं जूनियर विंग के एनसीसी कैडेट्स को किया साइबर जागरूक

मंदसौर, 23 मई 2026।

राष्ट्रीय अपराध जांच ब्यूरो (एनसीआइबी) के साइबर जागरूकता अभियान के तहत 5 एम.पी. एनसीसी बटालियन, मंदसौर द्वारा आयोजित संयुक्त वार्षिक प्रशिक्षण शिविर में “सायबर क्राइम एवं सुरक्षा” विषय पर विशेष व्याख्यान का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम लाल बहादुर शास्त्री विद्यालय छात्रावास (डाइट) परिसर, मंदसौर में संपन्न हुआ।

18 मई 2026 को 5 एम.पी. एनसीसी बटालियन, मंदसौर द्वारा एनसीआइबी मुख्यालय को पत्र के माध्यम से साइबर अपराध एवं सुरक्षा विषय पर व्याख्यान आयोजित करने का अनुरोध किया गया था। इसी क्रम में एनसीआइबी मध्य प्रदेश इकाई के स्टेट डायरेक्टर श्री राजेश सुराणा ने शिविर में विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित होकर कैडेट्स को साइबर सुरक्षा संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की।

संयुक्त वार्षिक प्रशिक्षण शिविर में विभिन्न जिलों से आए लगभग 500 वरिष्ठ एवं जूनियर विंग के एनसीसी कैडेट्स सैन्य प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं। कार्यक्रम में सैन्य अधिकारियों, एनसीसी अधिकारियों एवं कैडेट्स ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।

अपने संबोधन में श्री राजेश सुराणा ने साइबर अपराधों के विभिन्न प्रकार, ऑनलाइन ठगी के नए तरीकों, सोशल मीडिया सुरक्षा, डिजिटल लेन-देन में बरती जाने वाली सावधानियों तथा साइबर अपराधियों से बचाव के उपायों पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने साइबर अपराध से संबंधित शिकायत दर्ज करने की संपूर्ण प्रक्रिया की जानकारी देते हुए सरकारी पोर्टल एवं हेल्पलाइन के उपयोग के बारे में भी बताया।

उन्होंने कैडेट्स को इंटरनेट का सुरक्षित एवं जिम्मेदारीपूर्ण उपयोग करने के लिए प्रेरित किया तथा डिजिटल युग में साइबर जागरूकता को अत्यंत आवश्यक बताया। इस अवसर पर उन्होंने सभी कैडेट्स को नशामुक्ति की शपथ दिलाकर स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवनशैली अपनाने का संदेश भी दिया।

कार्यक्रम के अंत में कैंप कमांडेंट कर्नल ज्योति प्रकाश एवं कैंप इंचार्ज मेजर पुरावत ने श्री राजेश सुराणा के प्रेरणादायी एवं ज्ञानवर्धक व्याख्यान के लिए उनका आभार व्यक्त किया। बटालियन की ओर से उन्हें प्रतीक चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया।