सतना में NCIB मध्यप्रदेश की सक्रिय पहल: पुलिस प्रशासन के साथ साइबर सुरक्षा एवं नशामुक्ति पर बैठक, फैक्ट्री श्रमिकों के बीच चलाया जागरूकता अभियान

सतना | 25 जुलाई 2026 |

राष्ट्रीय अपराध जाँच ब्यूरो (NCIB), मध्यप्रदेश द्वारा साइबर अपराध की रोकथाम एवं नशामुक्त समाज के निर्माण की दिशा में सतना जिले में लगातार जनजागरूकता गतिविधियाँ संचालित की जा रही हैं। इसी क्रम में 23 जुलाई 2026 को पुलिस प्रशासन के साथ महत्वपूर्ण बैठक एवं औद्योगिक क्षेत्र में नशामुक्ति जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।

23 जुलाई को पुलिस प्रशासन के साथ महत्वपूर्ण बैठक |

NCIB मध्यप्रदेश के राज्य निदेशक श्री राजेश सुराणा के मार्गदर्शन में संयुक्त राज्य निदेशक श्री आनंद अग्रवाल ने पुलिस अधीक्षक सतना श्री हंसराज सिंह (IPS) एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री गौरव पांडे (IPS) से शिष्टाचार भेंट कर जिले में साइबर अपराध एवं नशाखोरी की रोकथाम को लेकर विस्तृत चर्चा की।

बैठक के दौरान NCIB मध्यप्रदेश की ओर से साइबर सुरक्षा जागरूकता तथा प्रदेशव्यापी “नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0” अभियान में मध्यप्रदेश पुलिस के साथ समन्वय एवं सक्रिय सहभागिता की प्रतिबद्धता व्यक्त की गई। साथ ही संगठन द्वारा प्रदेशभर में संचालित जनजागरूकता, साइबर सुरक्षा एवं नशामुक्ति गतिविधियों की जानकारी साझा की गई।

इस अवसर पर “नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0” अभियान के पोस्टर का अनावरण भी किया गया। पुलिस अधिकारियों ने NCIB मध्यप्रदेश के समाजहित में किए जा रहे प्रयासों की सराहना करते हुए भविष्य में सहयोग एवं समन्वय का आश्वासन दिया।

25 जुलाई को फैक्ट्री श्रमिकों के बीच पहुँचा नशामुक्ति अभियान |

इसी अभियान को धरातल पर आगे बढ़ाते हुए 25 जुलाई 2026 को इंडस्ट्रियल एरिया, सतना स्थित औद्योगिक इकाइयों में कार्यरत फैक्ट्री श्रमिकों के बीच “नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0” जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।

कार्यक्रम में संयुक्त राज्य निदेशक श्री आनंद अग्रवाल ने श्रमिकों को नशीले पदार्थों के सेवन से होने वाले शारीरिक, मानसिक, आर्थिक एवं सामाजिक दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करते हुए स्वस्थ एवं नशामुक्त जीवन अपनाने के लिए प्रेरित किया।

इस दौरान उपस्थित श्रमिकों को स्वयं नशे से दूर रहने तथा अपने परिवार, कार्यस्थल एवं समाज को नशामुक्त बनाने में सक्रिय भूमिका निभाने की शपथ दिलाई गई। कार्यक्रम का प्रमुख उद्देश्य औद्योगिक कार्यस्थलों पर नशामुक्त वातावरण को बढ़ावा देना और श्रमिक वर्ग तक नशामुक्ति का संदेश पहुँचाना रहा।

NCIB मध्यप्रदेश द्वारा मध्यप्रदेश पुलिस एवं स्थानीय प्रशासन के साथ समन्वय स्थापित कर साइबर सुरक्षा और नशामुक्ति जैसे महत्वपूर्ण सामाजिक विषयों पर निरंतर जागरूकता अभियान चलाए जा रहे हैं। संगठन का प्रयास है कि “नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0” अभियान का संदेश विद्यार्थियों, युवाओं, श्रमिकों एवं आम नागरिकों सहित समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुँचे और एक जागरूक, सुरक्षित एवं नशामुक्त समाज के निर्माण में प्रभावी योगदान दिया जा सके।